नवरात्रि में मां संतोषी कृपा मंदिर पर जाम से श्रद्धालुओं को परेशानी, पूजा-अर्चना में हो रही दिक्कत।
उझानी – बदायूं, 18 अक्टूबर।
नवरात्रि के पावन पर्व पर नगर के कछला रोड सिथ्ति मां संतोषी कृपा मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरेली मथुरा हाइवे पर मंडी समिति तिराहे पर कछला रोड पर लग रहे जाम के कारण भक्त समय से मंदिर नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे पूजा-अर्चना में बाधा आ रही है।
बताया जा रहा है कि नई गल्ला मंडी के सामने और मां संतोषी धाम मंदिर को जाने वाले रास्ते पर दिनभर ट्रक, ट्रॉली, ठेला और ई-रिक्शा के कारण भारी ट्रैफिक जाम लगा रहता है। साथ ही रास्ते पर जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नवरात्रि में मां संतोषी कृपा मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ कई गुना बढ़ जाती है, लेकिन जाम के चलते महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को मंदिर तक पहुंचने में घंटों लग रहे हैं। कई बार तो श्रद्धालुओं को जाम में ही फंसे रहना पड़ता है।
इसी समस्या को लेकर नगर निवासी गौरव तोमर ने सचिव मंडी समिति को प्रार्थना-पत्र देकर मांग की है कि नवरात्रि को देखते हुए मंदिर मार्ग से जाम को जल्द से जल्द हटवाया जाए और सफाई व ट्रैफिक की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि श्रद्धालु सुगमता से मां के दर्शन कर सकें।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com