7:28 pm Sunday , 18 October 2026
BREAKING NEWS

मिशन शक्ति 6.0: बदायूं में महिला सुरक्षा और सम्मान को बढ़ावा, सफल पारिवारिक मामलों के परिजनों को किया सम्मानित

मिशन शक्ति 6.0: बदायूं में महिला सुरक्षा और सम्मान को बढ़ावा, सफल पारिवारिक मामलों के परिजनों को किया सम्मानित

केशव गुप्ता

बदायूं। उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में रविवार को जिले के विभिन्न थानों में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना बिनावर, कुंवरगांव, कादरचौक, फैजगंज बेहटा और उघैती समेत अन्य थानों की मिशन शक्ति टीमों ने सफलतापूर्वक निस्तारित पारिवारिक मामलों से जुड़े अभिभावकों और परिजनों को बुलाकर सम्मानित किया तथा उनका फीडबैक लिया। साथ ही उन्हें महिला कल्याण योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
इसी क्रम में थाना बिनावर की मिशन शक्ति टीम ने ब्लॉक सलारपुर के उच्च माध्यमिक विद्यालय के बच्चों के सहयोग से कस्बे में नुक्कड़ नाटक आयोजित किया। इसमें बाल विवाह और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है।
अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों ने बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों और धार्मिक स्थलों पर महिलाओं व बालिकाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, वन स्टॉप सेंटर और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। पंपलेट वितरित कर 1090 महिला पावर लाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन सहित जरूरी नंबरों के प्रति भी जागरूक किया गया।
पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा के उपायों तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.