बिल्सी। विकास खंड अंबियापुर की न्याय पंचायत सिमर्रा भोजपुर में शनिवार को खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें न्याय पंचायत के विभिन्न प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक क्षमता और टीम भावना का प्रदर्शन किया। विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्थान प्राप्त हुआ। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ नोडल शिक्षक बृजभान सिंह ने किया। इसके बाद बालक और बालिका वर्ग में 50 मीटर और 100 मीटर दौड़, कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मैदान पर बच्चों में जीत हासिल करने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। 50 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में गुधनी के अभी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में घंघोसी की गिरिजा विजेता रहीं। 100 मीटर दौड़ में गुधनी के लोकेश और दीपशिखा ने प्रथम स्थान हासिल किया। कबड्डी के बालक और बालिका दोनों वर्गों में घंघोसी के विद्यार्थियों ने बाजी मारी। लंबी कूद में गुधनी के अखलेश और शीतल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। खो-खो प्रतियोगिता में गुधनी की टीम प्रथम और घंघोसी की टीम दूसरे स्थान पर रही। इसके अलावा अन्य प्रतियोगिताओं में सिमर्रा भोजपुर, कटिन्ना और सूरजपुर के विद्यार्थियों ने भी बेहतर प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उनमें अनुशासन, सहयोग तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। इस मौके पर कुंवरपाल सिंह, दिलीप शर्मा, रेखा मिश्रा, सरिता देवी, प्रीति, सत्येंद्र पाल, सत्य प्रकाश, बशीर अहमद और महिला शिक्षक संघ की ब्लॉक अध्यक्ष अनु राय सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com