बिल्सी। बाबा इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को नवरात्रि पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान कक्षा पीजी से केजी तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे। किसी ने लहंगा-चुनरी तो किसी ने कुर्ता-पायजामा धारण किया। कई बच्चे मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों में नजर आए। पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नवरात्रि के महत्व से परिचित कराना रहा। विद्यालय के निदेशक अनुज वार्ष्णेय और निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि नवरात्रि शक्ति, भक्ति और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं। प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बच्चों में संस्कार, आत्मविश्वास और सामाजिक मूल्यों का विकास होता है। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com