बदायूँ: 17 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को सभी 2,859 मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किए गए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने हाफिज सिद्दीकी इस्लामिया इंटर कॉलेज तथा राजकीय महिला डिग्री कॉलेज, घंटाघर में स्थापित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया है कि आगामी शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को भी जनपद के सभी 2,859 मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंप के दौरान प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रहें। साथ ही 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली तथा उसके बाद जारी सभी पूरक सूचियां भी उपलब्ध रखी जाएं, ताकि नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकें और आवश्यकतानुसार आवेदन कर सकें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाए, जहां नागरिकों को फार्म भरने में सहायता प्रदान की जाए। प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का व्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण अधिकारियों को अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराए जा सकें। अभियान में सभासदों, ग्राम प्रधानों, स्वयंसेवकों तथा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का नियमानुसार सहयोग भी लिया जाए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि विशेष कैंपों का व्यापक प्रचार-प्रसार प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से कराया जाए। शहरी क्षेत्रों में रिक्शों पर लाउडस्पीकर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में डुगडुगी के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक पंजीकरण से वंचित न रहे। उन्होंने अपील की कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के इच्छुक पात्र नागरिक कैंप में अपनी नवीनतम फोटो, जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित दस्तावेजों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां लेकर पहुंचें। यदि परिवार के किसी सदस्य के मतदाता फोटो पहचान पत्र की संख्या उपलब्ध हो, तो उसे भी साथ लाएं। उन्होंने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को विशेष कैंप दिवसों पर अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के कम से कम 10 प्रतिशत मतदेय स्थलों का भ्रमण करने तथा अभियान की नियमित समीक्षा और सत्त निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
—-
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com