बाबा इन्टरनेशनल स्कूल में भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाया नवरात्रि पर्व
बिल्सी :- बाबा इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को कक्षा पी.जी. से के.जी. तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए नवरात्रि विशेष उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं एवं नवरात्रि के महत्व से परिचित कराना तथा उनमें सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था।
इस विशेष अवसर पर विद्यालय के नन्हे विद्यार्थी रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में विद्यालय पहुँचे। किसी ने लहंगा-चुनरी धारण की, तो कोई कुर्ता-पायजामा और धोती में नजर आया। वहीं, कुछ बच्चे माँ दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की मनमोहक वेशभूषा में दिखाई दिए। पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों की मनमोहक छवि ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।


नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक वेशभूषा और उत्साहपूर्ण सहभागिता से कार्यक्रम को विशेष बना दिया। विद्यालय परिसर में नवरात्रि के पावन पर्व की झलक दिखाई दी। इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता तथा सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय व विद्यालय निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि नवरात्रि का पर्व माँ दुर्गा की आराधना, शक्ति, भक्ति और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। विद्यालय में इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय त्योहारों के महत्व को समझने तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति गर्व की भावना विकसित करने का अवसर मिलता है।
विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में संस्कार, आत्मविश्वास एवं सामाजिक मूल्यों का विकास करते हैं। वास्तव में यह उत्सव सभी के लिए अविस्मरणीय रहा जिसने पूरे वातावरण को भक्ति, उल्लास और एकता की भावना से भर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहा |

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com