मदर शील मेमोरियल अकादमी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया श्रीराम उत्सव, राममय हुआ विद्यालय।
उझानी, 17 अक्टूबर।
उझानी स्थित मदर शील मेमोरियल अकादमी में शनिवार को श्रीराम उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके साथ ही विद्यालय का वातावरण भक्तिमय एवं राममय हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में मंच पर प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने भगवान श्रीराम के वनवास से लेकर माता शबरी के प्रेम एवं भक्ति, बाली वध, रावण वध और अयोध्या लौटकर राजा राम बनने तक के महत्वपूर्ण दृश्यों का सुंदर मंचन किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने त्याग, मर्यादा, सत्य, धर्म और भक्ति का संदेश दिया।



कार्यक्रम को और अधिक रोचक बनाने के लिए बीच-बीच में रामायण से संबंधित प्रश्नोत्तरी का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक उत्तर देकर अपनी ज्ञानवर्धक प्रतिभा का परिचय दिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने स्केचिंग गतिविधि में भाग लिया, जिसमें भगवान श्रीराम, धनुष एवं रामायण से संबंधित चित्रों को आकर्षक रंगों से सजाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा दिखाई।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भक्तिमय गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। विशेष रूप से “राम आएंगे” भजन पर बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने सभी को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या रेनू थरेजा ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा, विनम्रता और बड़ों का सम्मान करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के निदेशक भारत थरेजा के मार्गदर्शन तथा शिक्षकों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में सभी विद्यार्थियों को कैंपस में रावण दहन दिखाया गया। बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक रावण दहन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com