4:24 pm Saturday , 17 October 2026
BREAKING NEWS

सेवा संकल्प अभियान सफल, योजनाओं से पात्र लाभांवित

बदायूं: 16 अक्टूबर। सरकार की मंशा के अनुरूप 17 सितम्बर से प्रारम्भ हुए सेवा संकल्प अभियान का 17 अक्टूबर को आयोजित भव्य कार्यक्रम के पश्चात समापन हो गया। इस अभियान से न केवल ग्रामीण अंचलों तक शासकीय योजनाओं से अवगत कराया गया बल्कि पात्रों का चिन्हांकन कर उन्हें लाभांवित करने हेतु पंजीकृत किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों ने भी समय-समय पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कर सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाया।
शनिवार को डायट स्थित ऑडिटोरियम में सेवा संकल्प अभियान के समापन दिवस पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित व मान्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन करने तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए किए गए प्रयासों में सहभागिता की। जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहयोग मिला। सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना, जरूरतमंदों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पात्रता के अनुरूप उन्हें लाभान्वित करने की प्रक्रिया को गति प्रदान करना रहा। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतेन्द्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी याबर अब्बास, बेसिक शिक्षा विभाग के कामेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन समाज कल्याण विभाग के महाराज सिंह ने किया।
सरकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी- कार्यक्रम में प्रदेश के सूचना विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, जनन सुरक्षा योजना, विश्व श्रमसम्मान योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह योजना, स्वच्छ भारत अभियान, विभिन्न पेंशन सम्बंधी योजनाओं सहित अन्य योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी स्वरूप स्टैण्डी लगाकर जनसामान्य को जागरुक किया। अवाम ने भी प्रदर्शनी का ध्यानपूर्वक अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी हासिल की।
जादू और कव्वाली का सफल प्रदर्शन- सूचना विभाग उत्तर प्रदेश में पंजीकृत दल सागर मैजिक ग्रुप के जादूगर जुगल किशोर ने जादू की विभिन्न कलाओं से सरकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार किया। वहीं सरगम पार्टी के आमिर सुल्तानी के दल ने कव्वाली के माध्यम से शासकीय योजनाओं पर आधारित कव्वाली की प्रस्तुति दी। आगंतुकों तथा उपस्थित ग्राम प्रधानों ने दोनों कार्यक्रमों की प्रशंसा करते हुए उन्हें खूब सराहा। सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। अंत में राष्ट्रगान भी हुआ।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.