3:54 pm Saturday , 17 October 2026
BREAKING NEWS

मिशन शक्ति अभियान: कक्षा 8 की छात्रा साक्षी बनीं एक दिन की थाना प्रभारी

बिनावर (बदायूं)। मिशन शक्ति फेज 6.0 के अंतर्गत शनिवार, 17 अक्टूबर को थाना बिनावर में महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ब्लॉक सलारपुर की कक्षा 8 की छात्रा साक्षी पुत्री आदित्य कुमार सिंह, निवासी कस्बा व थाना बिनावर को एक दिन के लिए सांकेतिक थाना प्रभारी बनाया गया।

थाना प्रभारी की भूमिका निभाते हुए छात्रा साक्षी ने थाने के दैनिक कार्यों की जानकारी प्राप्त की और जनशिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित भी किया। इसके साथ ही उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली, थाने में दर्ज मामलों की सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रा ने थाना परिसर, महिला हेल्प डेस्क, थाना कार्यालय और मिशन शक्ति केंद्र का भ्रमण किया। थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की समीक्षा के साथ महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। आमजन को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक बाबू सिंह सहित थाना बिनावर की मिशन शक्ति टीम मौजूद रही।

महिला सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर

बदायूं पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज 6.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। इस तरह के कार्यक्रमों से छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव मिलता है और उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और समाज में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना सामूहिक जिम्मेदारी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.