बदायूं में युवती की तेजाब पीने से हुई मौत मामले में फरार चल रहा निलंबित सिपाही गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल।
बदायूं, 17 अक्टूबर।
बदायूं में युवती की तेजाब पीने से हुई मौत मामले में फरार चल रहे निलंबित सिपाही को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वह 28 सितंबर से फरार चल रहा था। एसएसपी अंकिता शर्मा ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
जिला मुख्यालय से 3 किलोमीटर दूर कुसुम कोटगांव (23) निवासी युवती का अफेयर 52 किलोमीटर दूर करखेड़ी गांव निवासी जीशान (25) से था। 5 साल पहले दोनों की बिसौली कस्बा में कोचिंग के दौरान मुलाकात हुई थी।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर युवती से संबंध बनाए और इस दौरान फोटो-वीडियो बना लिए। बाद में युवती की शादी दूसरी जगह तय हुई तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा।

कुसुम के भाई की ओर से दर्ज मुकदमे के मुताबिक, 27 सितंबर की शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच जीशान ने उनके पिता के मोबाइल पर फोन किया और कहा कि अपनी बेटी को समझा लो। फोन कटने के बाद पिता ने कुसुम से बात की। परिजनों के मुताबिक धमकी से परेशान होकर कुसुम ने अपना मोबाइल फेंक दिया और टॉयलेट में जाकर तेजाब पी लिया।
हालत बिगड़ने पर परिवार उसे पहले इस्लामनगर, फिर चंदौसी और बाद में मुरादाबाद के डॉ. लाल सिंह मेमोरियल मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल ले गया। वहां इलाज के दौरान 27 सितंबर को ही उसकी मौत हो गई। युवती होमगार्ड की परीक्षा पास कर चुकी थी और पुलिस की तैयारी कर रही थी।
परिजनों के मुताबिक कुसुम के मोबाइल में आरोपी के साथ हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट मिले हैं। इनमें कुसुम ने अपनी मौत के लिए जीशान और उसके घरवालों को जिम्मेदार बताया था। परिजनों ने चैट और धमकियों को घटना से जोड़ते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जीशान और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
कुसुम के भाई प्रेमशंकर ने बताया कि आरोपी पुलिस में है और हरदोई के पिहानी थाने में पोस्टेड था।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com