उझानी (बदायूँ), 16 अक्टूबर।
भक्ति और उत्सव के बीच उझानी में शुक्रवार को एक अजीब नजारा देखने को मिला। जिस राम बारात के स्वागत के लिए पूरा शहर सजा था, वही बारात आधे शहर में अंधेरे में निकल गई।
बताते चलें कि बाबूजी कल्याण सिंह चौक से मंडी समिति तक सड़क के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसी के चलते बिजली विभाग बिजली के पोलों को पीछे शिफ्ट कर रहा है। अब तक विभाग भगवती पैलेस तक पोल उखाड़कर पीछे लगा चुका है, वहीं आगे सब्जी मंडी से घंटाघर चौराहे तक पोल शिफ्टिंग का काम जारी है।

इसी कार्य के चलते कछला रोड, बदायूं रोड, स्टेशन रोड, हलवाई चौक, सब्जी मंडी और घंटाघर इलाके की बिजली पूरे दिन गुल रही।
दुकानदारों को उम्मीद थी कि शाम को रोज की तरह सप्लाई शुरू हो जाएगी, लेकिन राम बारात निकलने के बावजूद लाइट नहीं आई। नतीजा ये रहा कि मुख्य सड़क पर तो नगरपालिका की स्ट्रीट लाइट जलती रही, लेकिन अंदर की गलियों-मोहल्लों और दुकानों में घुप्प अंधेरा छाया रहा।
अंधेरा होने के कारण कई दुकानदारों ने राम बारात का स्वागत करना तो दूर, बिना दर्शन किए ही मजबूरी में शटर डालकर घर जाना पड़ा।

स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण जरूरी है, लेकिन त्योहार और राम बारात जैसे मौके पर बिजली विभाग को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com