ग्राम चौपाल में पहुंचे विधायक बब्बू भैया, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर कराया निस्तारण
केशव गुप्ता
दातागंज/बदायूं। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर 117-दातागंज विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के लिए ग्राम चौपालों का आयोजन किया गया। विकासखंड समरेर की ग्राम पंचायत मुझियाना और विकासखंड उसावां की ग्राम पंचायत खेड़ा किशन खम में आयोजित चौपाल में विधायक राजीव कुमार सिंह (बब्बू भैया) ने पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए।
चौपाल में राजस्व, ग्राम्य विकास, खाद्य एवं रसद, कृषि, बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन और एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों की कई शिकायतों का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया गया।
विधायक बब्बू भैया ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार की प्राथमिकता अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं और न्याय का लाभ पहुंचाना है। ग्राम चौपाल के माध्यम से शासन-प्रशासन सीधे जनता के द्वार पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए ब्लॉक और तहसील के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान सम्मान निधि, राशन, आवास, पेंशन और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी योजनाओं में किसी भी पात्र लाभार्थी को वंचित न रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, राजस्व निरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, आपूर्ति निरीक्षक, कृषि विभाग के कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, स्वास्थ्यकर्मी, ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com