राम बरात और विशाल दंगल रहेंगे आकर्षण, 26 अक्टूबर को होगा रावण दहन; तैयारियों में जुटे
कुंवरगांव संवाददाता
कुंवरगांव। नगर में श्री रामलीला महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में 21 से 26 अक्टूबर तक छह दिवसीय रामलीला महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में रामलीला मंचन के लिए अयोध्या के कलाकारों को बुलाया गया है। राम बरात, विशाल दंगल और रावण दहन कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहेंगे। आयोजन को भव्य बनाने के लिए कमेटी के सदस्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
कमेटी अध्यक्ष डॉ. घनेंद्र पाल सिंह के प्रतिष्ठान पर मेला महोत्सव के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई और आयोजन की जिम्मेदारियां सदस्यों को सौंपी गईं। महोत्सव का शुभारंभ 21 अक्टूबर को शाम छह बजे गणेश पूजन के साथ होगा। 22 अक्टूबर से रामलीला का मंचन शुरू किया जाएगा, जिसमें अयोध्या से आए कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का मंचन करेंगे।
23 अक्टूबर को शाम चार बजे नगर में भव्य श्रीराम बरात निकाली जाएगी। इसके बाद 24 और 25 अक्टूबर को विशाल दंगल का आयोजन होगा, जिसमें पहलवान अपने दांव-पेच दिखाएंगे। महोत्सव के अंतिम दिन 26 अक्टूबर को शाम छह बजे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। नगर पंचायत के सहयोग से साफ-सफाई और पानी की व्यवस्था कराई जाएगी। कमेटी ने क्षेत्रवासियों से महोत्सव में पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com