उझानी में मंडी वाला जाम बना नासूर – हाईवे पर 1 KM में 2 घंटे, रोडवेज ने पकड़ा कच्चा रास्ता तो कछला रोड भी जाम।
उझानी, बदायूं 16 अक्टूबर ।
कृषि उत्पादन मंडी समिति के सामने बरेली-मथुरा हाईवे पर लगा जाम अब रोज की कहानी बन गया है। 5-6 दिन से लग रहा जाम शुक्रवार को विकराल हो गया। हालत ये थी कि 1 किलोमीटर का सफर तय करने में डेढ़ से दो घंटे लग रहे थे। वाहन चालकों में नोकझोंक, धक्का-मुक्की तक हुई।
धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतार तो मुख्य कारण है ही, लेकिन असली खेल जाम से बचने के जुगाड़ ने बिगाड़ा है। जब बरेली-मथुरा हाईवे मंडी के सामने पूरी तरह बंद हो जाता है, तो रोडवेज की बसें हाईवे छोड़कर छतुइया रेलवे फाटक के सहारे कच्चे रास्ते से गौशाला फाटक होकर शहर से निकलने लगती हैं।
नतीजा – हाईवे तो जाम है ही, अब कछला रोड भी जाम की जद में आ गया है। शहर के अंदर तक में बसें और भारी वाहन घुसने से पूरा उझानी पैक हो जाता है।
जाम में फंसे रोडवेज यात्री बदायूं निवासी हेमेंद्र कुमार ने बताया कासगंज जाना था, सुबह 10 बजे चला, बदायूं से उझानी 20 मिनट में आ गया, लेकिन आंबेडकर चौराहे से मंडी समिति तक निकलने में ही एक घंटे से ज्यादा लग गया।
ऐसे ही कई किसानों का ट्रैक्टर सुबह 7 बजे धर्मकांटे पर पहुंचा, लेकिन दोपहर तक मंडी के अंदर नहीं घुस पाया। कासगंज, एटा, फर्रुखाबाद से आए किसान भी हलकान रहे।



जाम की खबर मिलते ही कई चालक आंबेडकर चौराहे से मुजरिया चौराहे होकर वितरौई से हाईवे पकड़ रहे हैं, तो कुछ वितरौई मोड़ से मुजरिया होकर आ रहे हैं। 15 किलोमीटर फालतू चलना पड़ रहा है, फिर जाम से बच रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल धान सीजन में यही हाल होता है। लगता है परिवहन विभाग और कोतवाली पुलिस के पास इस जाम से निपटने का कोई परमानेंट प्लान ही नहीं है। मंडी गेट पर पुलिस खड़ी तो दिखती है, लेकिन जाम खुलवाने में वह भी फेल है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com