राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूँ में दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्कता और डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराना था। कार्यक्रम में पुलिस विभाग, बदायूं से महिला बाल सुरक्षा की सब इंस्पेक्टर सपना जयसवाल , सब इंस्पेक्टर कंचन लता, सब इंस्पेक्टर हरवीर सिंह, महिला आरक्षी कामिनी, अंकित, नेहा, व वन स्टाफ सेंटर मैनेजर प्रतिक्षा मिश्रा उपस्थित रहे। एस आई सपना जयसवाल, एस आई हरवीर सिंह आदि ने साइबर सुरक्षा के महत्व, ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीकों, सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध फोन कॉल व संदेशों पर विश्वास न करने, तथा ओटीपी, पासवर्ड और बैंकिंग जानकारी किसी से भी साझा न करने की सलाह दी।छात्राओं ने सक्रियता से भाग लिया, प्रश्न पूछे और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया व पुलिस विभाग द्वारा संचालित जागरूकता अभियानों के बारे में जानकारी प्राप्त की। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर संध्या सक्सेना की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. बृजेश कुमार, डॉ. अर्चना पांडेय, डॉ. वंदना एवं डॉ. भावना सिंह भी उपस्थित रहीं। सभी प्राध्यापकों ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और डिजिटल तकनीक का विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अर्चना पांडेय ने उपस्थित अधिकारियों, प्राचार्या, प्राध्यापकों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के क्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा लखनऊ से आयोजित कार्यक्रम “Cyber Security Awareness with Rakshit Tandon” का ऑनलाइन माध्यम से सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जिससे छात्राओं को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त हुईं। कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा— “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें; साइबर सुरक्षा अपनाएँ और सुरक्षिज़ डिजिटल भविष्य की ओर कदम बढ़ाएँ।”
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com