11:41 am Friday , 16 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी रामलीला महोत्सव में धनुष यज्ञ और सीता स्वयंवर की दिव्य लीला, जय श्रीराम से गूंजा पंडाल

।

उझानी, बदायूं 16 अक्टूबर ।

नगर में चल रहे श्री रामलीला महोत्सव में गुरुवार, 15 अक्टूबर को भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री हरि रासलीला मंडल, वृंदावन के कुशल पात्रों द्वारा धनुष यज्ञ, धनुष खंडन और श्री सीता जी के स्वयंवर की अलौकिक लीला का सजीव मंचन किया गया।

जैसे ही राजा जनक के दरबार में महादेव के दिव्य धनुष को लाया गया, पूरे पंडाल में उत्सुकता छा गई। बड़े-बड़े राजा-महाराजा धनुष को हिलाने में भी असफल रहे। तभी गुरु विश्वामित्र के आदेश पर श्री रामचंद्र जी ने सहज ही शिव धनुष को उठाकर प्रत्यंचा चढ़ाई और देखते ही देखते धनुष खंडित हो गया। धनुष टूटने की गड़गड़ाहट से चारों दिशाएं गूंज उठीं और दर्शकों ने “जय श्री राम” के गगनभेदी जयकारे लगाए।

इसके बाद सखियों के साथ सजी-धजी सीता जी ने श्री राम के गले में जयमाला डालकर उन्हें वर रूप में स्वीकार किया। इस मनोहारी दृश्य को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और पूरा रामलीला मैदान तालियों से गूंज उठा।

इसी पावन अवसर पर नगर के प्रतिष्ठित गल्ला व्यापारी अजय गर्ग, विजय गर्ग एवं साकेत गर्ग सपरिवार मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे। यजमान परिवार ने मंच पर विराजमान श्री रामचंद्र जी मां जानकी का विधिवत तिलक-पूजन, आरती एवं माल्यार्पण कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।

यजमानों के सम्मान में श्री रामलीला महोत्सव उझानी कमेटी द्वारा विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कमेटी के अध्यक्ष सचिन अग्रवाल, महामंत्री अरविन्द शाक्य, कोषाध्यक्ष मनमोहन शर्मा एवं संरक्षक धनसुख अग्रवाल , कार्तिक अग्रवाल ने सभी यजमानों को शाल ओढ़ाकर और भगवान श्री राम के आशीर्वाद स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि गर्ग परिवार का रामलीला महोत्सव में सहयोग सराहनीय है और ऐसे धार्मिक आयोजनों से ही हमारी संस्कृति जीवित रहती है। रामलीला देखने के लिए देर रात तक बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.