बिल्सी। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन बृहस्पतिवार को नगर के मंदिरों में मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
नगर के मोहल्ला संख्या एक स्थित हनुमानगढ़ी देवी मंदिर, मोहल्ला संख्या पांच के दुर्गा मंदिर, शिव शक्ति भवन मंदिर, शीतला देवी मंदिर, कुटी मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर और देववाणी मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर मां को फूल, फल और प्रसाद अर्पित किया। मंदिरों में माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। महिलाओं ने नगर के मुख्य बाजार स्थित कुटी मंदिर एवं मोहल्ला संख्या दो कोटरा स्थित नील कंठेश्वर महाराज मंदिर पर भजन-कीर्तन कर मां की महिमा का गुणगान किया। धार्मिक मान्यता है कि मां स्कंदमाता की आराधना से सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त होती है। नवरात्र को लेकर मंदिरों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com