6:20 pm Thursday , 15 October 2026
BREAKING NEWS

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रोफेसर पंकज के व्याख्यान से हुआ वाणिज्य विषय का सम्पूर्ण बोध

बदायूँ, 15 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय, आवास विकास, बदायूँ के शिक्षक विहीन विभाग वाणिज्य के छात्र-छात्राओं के लिए दो दिवसीय विशेष व्याख्यान का शुभारंभ हुआ। मुख्य वक्ता अवंती बाई लोधी राजकीय महिला महाविद्यालय, बरेली के वाणिज्य प्रोफेसर डॉ. पंकज अग्रवाल ने बीकॉम एवं एमकॉम के छात्र-छात्राओं को वाणिज्य के पाठ्यक्रम का सार बताते हुए परीक्षा में सफलता हेतु मार्गदर्शन किया।
व्याख्यान का उद्देश्य राजकीय महाविद्यालय में वाणिज्य विषय में प्राध्यापकों के सभी पाँच पदों के रिक्त होने के कारण विद्यार्थियों में व्याप्त निराशा को दूर कर वाणिज्य पाठ्यक्रम का बोध कराना, सन्निकट परीक्षा में सफलता हेतु उनका मार्गदर्शन करना तथा रोजगार की व्यावहारिक दिशा उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने किया, जबकि संचालन विभाग के केयर टेकर डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने किया।
प्रोफेसर पंकज अग्रवाल ने बताया कि वाणिज्य विषय केवल लेखा-जोखा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यवसाय, बाजार, वित्त, बैंकिंग और उद्यमिता की व्यावहारिक समझ विकसित करने वाला विषय है। उन्होंने व्यवसाय प्रबंधन, वाणिज्य संचार, बाजार, उद्यमिता, सांख्यिकी, बैंकिंग, आयकर एवं शेयर मार्केटिंग जैसे विभिन्न विषयों पर सारगर्भित व्याख्यान दिया।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को बताया कि वाणिज्य के पाठ्यक्रम में लेखाशास्त्र, व्यापार संगठन, वित्तीय प्रबंधन, कंपनी विधि, लागत लेखांकन, व्यापार अर्थशास्त्र तथा कराधान जैसे विषयों की समझ आवश्यक है। इन विषयों का नियमित अध्ययन न केवल परीक्षा में सफलता दिलाता है, बल्कि बैंकिंग, लेखा, कर परामर्श, वित्तीय विश्लेषण और उद्यमिता के क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी खोलता है।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पाठ्यक्रम एवं परीक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे और अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया।
प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे, ताकि वाणिज्य के विद्यार्थियों को शिक्षकों की कमी महसूस न हो। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सरकार द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान की भावना के अनुरूप अभाव में भी सेवा भाव और समभाव के साथ शिक्षा, कौशल एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.