मुड़िया सतासी गांव में फैला बुखार, स्वास्थ्य विभाग ने पहुंचकर की जांच
बुखार के मरीजों की बढ़ती संख्या के बाद गांव में स्वास्थ्य शिविर, 54 मरीजों की डेंगू जांच की गई
बदायूं। मुड़िया सतासी गांव में पिछले कई दिनों से बुखार फैलने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। गांव में कई लोग बुखार की चपेट में हैं। कुछ मरीजों की निजी लैब में जांच कराने के बाद डेंगू की पुष्टि होने की बात सामने आई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर मरीजों की जांच की और स्वास्थ्य शिविर लगाया।
जानकारी के अनुसार, गांव में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक जांच कराने की व्यवस्था की। शिविर में 95 से अधिक बुखार से पीड़ित मरीजों के पहुंचने की जानकारी दी गई, जिनमें से 54 मरीजों की डेंगू जांच कराई गई।
एंटी लार्वा का कराया गया छिड़काव
स्वास्थ्य शिविर के दौरान मरीजों को आवश्यक परामर्श और दवाएं दी गईं। इसके साथ ही मलेरिया विभाग की टीम ने गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया, ताकि मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाई जा सके। टीम ने ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने और घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने की सलाह भी दी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com