5:38 pm Thursday , 15 October 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

मिशन शक्ति 6.0: छात्र-छात्राओं को करियर की राह दिखाई, साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके

कुंवरगांव में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को किया जागरूक, सुरक्षित इंटरनेट इस्तेमाल करने की दी सीख

कुंवरगांव। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत गुरुवार को कुंवरगांव कस्बे के विद्या देवी ज्योति जूनियर हाईस्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना कुंवरगांव की मिशन शक्ति टीम ने छात्र-छात्राओं को करियर संबंधी मार्गदर्शन देने के साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। छात्र-छात्राओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर का चुनाव करने तथा भविष्य को बेहतर बनाने के लिए सही दिशा में आगे बढ़ने की सलाह दी गई।

वहीं, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लखनऊ मुख्यालय से प्रसारित लाइव कार्यक्रम का यूट्यूब लिंक के माध्यम से विद्यालय में प्रदर्शन किया गया। इसके जरिए विद्यार्थियों को इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के जरूरी उपायों की जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, पासवर्ड या निजी जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान लोगों के कहने पर ऑनलाइन लेनदेन करने से बचें। साइबर ठगी की घटना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील भी की गई।

इस मौके पर मिशन शक्ति टीम प्रभारी उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र आर्य, महिला हेड कांस्टेबल नीलम सक्सेना, महिला कांस्टेबल मंजू और महिला कांस्टेबल मीना पाल मौजूद रहीं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.