राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप की प्रतिमा क्षतिग्रस्त।
प्रशासन के विरुद्ध आक्रोश – महासभा ने दी आंदोलन की चेतावनी।
शहर के हृदय स्थल महाराणा प्रताप चौक पर स्थित राष्ट्रनायक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में आज क्षत्रिय महासभा बदायूं एवं महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में जिलाधिकारी बदायूँ को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।
इस अवसर पर महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष हरि प्रताप सिंह राठौड़ एडवोकेट ने कहा कि महाराणा प्रताप किसी एक समाज के नहीं, सम्पूर्ण राष्ट्र के स्वाभिमान के प्रतीक हैं। भारत ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण विश्व में उन्हें आदर प्राप्त है।उनकी प्रतिमा को बार-बार क्षतिग्रस्त किया जाना सोची-समझी साजिश है। प्रशासन द्वारा पूर्व में दिये गये मांगपत्रों पर ध्यान न देना दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि दोषियों पर अभियोग पंजीकृत कर कठोर कार्यवाही नहीं हुई और नवीन प्रतिमा स्थापित नहीं की गई, तो आंदोलनात्मक कदम उठाने को विवश होना पड़ेगा।
क्षत्रिय महासभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉ० सुशील कुमार सिंह ने कहा कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की अमर गाथा है। बदायूँ जैसे ऐतिहासिक नगर में उनकी प्रतिमा की सुरक्षा न कर पाना प्रशासनिक विफलता है। हम मांग करते हैं कि प्रतिमा स्थल की स्थाई सुरक्षा के उपाय किए जाए, वहाँ सीसीटीवी कैमरे एवम प्रकाश व्यवस्था की जाए और चौक का भव्य सौन्दर्यीकरण कराया जाए।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष राकेश सिंह ने किया। ज्ञापन में दोषियों पर अभियोग पंजीकृत कराए जाने , नवीन प्रतिमा स्थापना और स्थाई सुरक्षा व्यवस्था करने की तीन सूत्रीय मांग रखी गई है।
जिला प्रशासन द्वारा मामले की जांच कराकर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है। ज्ञापन की प्रतिलिपि मण्डलायुक्त बरेली, मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को प्रेषित की गई है।




इस अवसर पर प्रमुख रूप से क्षत्रिय सैनिक सभा के संरक्षक विजय रतन सिंह, क्षत्रिय महासभा बदायूं के संरक्षक राजेन्द्र सिंह तोमर, विजय कुमार सिंह, डॉ एस के सिंह, जिला बार एसोसिएशन बदायू के अध्यक्ष देवपाल सिंह एडवोकेट , जिला उपाध्यक्ष अखिलेश चौहान, जिला संगठन मंत्री भू राज सिंह, क्षत्रिय व्यापार सभा के जिला संयोजक राकेश कुमार सिंह, क्षत्रिय समाज विकास समिति के अध्यक्ष सुरेश सिंह सिसौदिया, महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह एडवोकेट आदि की सहभागिता रही।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com