3:38 pm Thursday , 15 October 2026
BREAKING NEWS

शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर में एक दिवसीय विद्यालय अवलोकन संपन्न

■ शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर में एक दिवसीय विद्यालय अवलोकन संपन्न

■ शिक्षण, वन्दना सभा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को परखा।

बदायूँ। विद्या भारती से संबद्ध शिव देवी सरस्वती शिशु मंदिर, सिविल लाइन्स, बदायूँ में प्रांतीय योजनानुसार एक दिवसीय विद्यालय अवलोकन कार्यक्रम संपन्न हुआ। अवलोकन अधिकारी के रूप में बाल कल्याण समिति, बदायूँ के मंत्री एवं द्रौपदी देवी इंटर कॉलेज के उपाध्यक्ष श्री मदन लाल राजपूत एडवोकेट ने प्रातःकाल से ही विद्यालय में उपस्थित रहकर शिक्षण कार्य, शैक्षिक गतिविधियों तथा विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन वंदना सत्र में मां सरस्वती के चित्र के समक्ष अवलोकन अधिकारी श्री मदन लाल राजपूत एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुशील कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। वंदना के उपरांत प्रधानाचार्य ने निरीक्षक महोदय का परिचय कराते हुए पटका ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर श्री मदन लाल राजपूत ने भैया-बहिनों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि जीवन में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं संस्कारों का विशेष महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, प्रतिदिन एक गिलास दूध पीने तथा फास्ट फूड से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी दिलाया।
अवलोकन के दौरान निरीक्षक महोदय ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर शिक्षण कार्य का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने विद्यालय की स्वच्छता, साफ-सफाई, शिशु वाटिका, कार्यालय एवं अन्य विभागों की व्यवस्थाओं का भी बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने आचार्यों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन एवं संस्कारों के संवर्धन के साथ-साथ शिक्षण कार्य को अधिक सरल, प्रभावी एवं रुचिकर बनाने पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य श्री सुशील कुमार ने निरीक्षक महोदय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता, अनुशासन एवं संस्कारपरक वातावरण को निरंतर बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य कौशल किशोर पाठक, लालाराम वर्मा, रूपेंद्र सिंह, भोलेनाथ पाठक, राकेश मिश्रा, नरेश पाल सिंह, सुबोध मिश्रा, निरंजन सिंह, राहुल शर्मा, अनुराग मिश्रा, राजीव कुमार सिंह, देवेंद्र सक्सेना, प्रियंका सिंह, कु. आयुषी, नूतन कुमारी, ज्योत्सना सिंह, रिया राजपूत, अंचल पाठक, कंचन गुप्ता, पूजा शर्मा एवं सुमन शर्मा सहित विद्यालय के आचार्य एवं आचार्या उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.