3:09 pm Thursday , 15 October 2026
BREAKING NEWS

शिकायत की पावती नहीं दी तो होगी कार्रवाई – बदायूं के सभी थाना प्रभारियों को एडिशनल एसपी ग्रामीण का सख्त आदेश

शिकायत की पावती नहीं दी तो होगी कार्रवाई – बदायूं के सभी थाना प्रभारियों को एडिशनल एसपी ग्रामीण का सख्त आदेश।

बदायूं। 15 अक्टूबर।

अब बदायूं के किसी भी थाने में शिकायत लेकर जाने वाले फरियादी को खाली हाथ नहीं लौटना पड़ेगा। थाना प्रभारी को शिकायत की पावती (रिसीविंग) देना अनिवार्य होगा। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं और 2 दिन में अनुपालन आख्या तलब की है।

दरअसल कोतवाली क्षेत्र के कल्याण नगर शहबाजपुर निवासी पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा ने मुख्यमंत्री पोर्टल आईजीआरएस पर शिकायत की थी कि बदायूं के थानों में शिकायतकर्ताओं को पावती नहीं दी जाती। जिस कारण थाना स्तर से कार्रवाई न होने पर पीड़ित को रजिस्टर्ड डाक से उच्च अधिकारियों को पत्र भेजना पड़ता है और अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ता है। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश पुलिस रेगुलेशन और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 का उल्लंघन बताते हुए पावती अनिवार्य करने की मांग की थी।

इसी शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एडिशनल एसपी ग्रामीण ने आदेश में कहा है कि पूर्व में भी पत्राचार के माध्यम से पावती देने के निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने पुनः निर्देशित किया है कि थाने पर आने वाले हर शिकायतकर्ता से मधुर व्यवहार कर उसकी समस्या गंभीरता से सुनी जाए और शिकायती पत्र की प्राप्ति रसीद अवश्य दी जाए।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.