सिलहरी से पीएस पटेल की रिपोर्ट
सलारपुर ब्लॉक मुख्यालय के पास बदायूं-आंवला मार्ग पर हुआ हादसा, फायर सर्विस की टीम ने आग पर पाया काबू
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में बदायूं-आंवला मार्ग पर सलारपुर ब्लॉक मुख्यालय के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती अर्टिगा कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन आग का गोला बन गया। कार में सवार चालक समेत तीन लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फायर सर्विस के मुताबिक, कुंवरगांव निवासी सोनपाल कार से अलापुर की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सलारपुर ब्लॉक मुख्यालय के पास अचानक कार में आग लग गई। चालक ने शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई है।
कार से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने से कार को नुकसान पहुंचा।
घटना के दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम लगने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। समय रहते कार से बाहर निकलने के कारण चालक समेत तीनों लोग सुरक्षित बच गए।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com