10:37 am Thursday , 15 October 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव। राजमिस्त्री से मारपीट के आरोप में घिरे सिपाहियों पर कार्रवाई नहीं

सीओ सिटी के यहां बयान दर्ज होने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, दलित राजमिस्त्री ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

कुंवरगांव। थाना कुंवरगांव क्षेत्र में दलित राजमिस्त्री के साथ कथित मारपीट का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। सिपाहियों पर थप्पड़ मारने और घसीटने का आरोप लगाने वाले राजमिस्त्री को अब तक कार्रवाई का इंतजार है। बुधवार को पीड़ित गुड्डू जाटव दोबारा एसएसपी अंकिता शर्मा के सामने पेश हुआ और प्रार्थना पत्र देकर आरोपी सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने उसे न्याय दिलाने और मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

मामला गांव गंज का है। सिगोई निवासी राजमिस्त्री गुड्डू जाटव वहां तालेवर के मकान का निर्माण कर रहा था। गुड्डू के मुताबिक, 16 सितंबर को मकान का गेट निकालने को लेकर तालेवर और उसके पड़ोसी चोखे लाल के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि चोखे लाल ने गेट अपनी तरफ नहीं निकलने देने की बात कहते हुए पुलिस बुला ली।

पीड़ित का आरोप है कि सूचना पर पहुंचे सिपाही वीरेश यादव और राजेश ने मौके पर पहुंचते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों सिपाहियों ने उसे कई थप्पड़ मारे और घसीटते हुए काफी दूर तक ले गए।

घटना के बाद गुड्डू ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराकर पुलिसकर्मियों के कथित दुर्व्यवहार की शिकायत की थी। मामले में 8 अक्टूबर को सीओ सिटी के यहां उसके बयान भी दर्ज हो चुके हैं। इसके बावजूद अब तक कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने बुधवार को फिर एसएसपी के समक्ष गुहार लगाई।

बयान दर्ज, फिर भी कार्रवाई का इंतजार

पीड़ित का कहना है कि शिकायत और बयान दर्ज होने के बाद भी उसे न्याय नहीं मिला है। अब उसने एसएसपी से आरोपी सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ऐसे में सवाल है कि मामले की जांच किस स्तर पर पहुंची है और पीड़ित को न्याय कब मिलेगा। फिलहाल एसएसपी ने न्याय दिलाने और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.