उझानी में ताड़का वध पर गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, अहिल्या उद्धार और पुष्प वाटिका प्रसंग ने मोहा मन।
उझानी, बदायूं 15 अक्टूबर ।
श्री रामलीला महोत्सव उझानी के मंच पर बुधवार रात श्री हरि रासलीला मंडल वृंदावन के कलाकारों ने अद्भुत लीलाओं का मंचन कर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
रात्रि 9 बजे से 12 बजे तक चले मंचन में ताड़का वध, अहिल्या उद्धार और पुष्प वाटिका भ्रमण की लीला दिखाई गई। ताड़का के वध पर पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। वहीं गौतम ऋषि की पत्नी अहिल्या के उद्धार के प्रसंग पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। पुष्प वाटिका में श्रीराम और सीता के प्रथम दर्शन के भावपूर्ण दृश्य ने सभी का मन मोह लिया। वृंदावन के पात्रों की वेशभूषा, संवाद और अभिनय की दर्शकों ने जमकर सराहना की।



इसी अवसर पर श्री धर्मार्थ कामधेनु गौशाला उझानी के अध्यक्ष रतन जिंदल, राकेश जिंदल सपरिवार और समाजसेवी संजय मित्तल, सारिका मित्तल ने सपरिवार मंच पर पहुंचकर भगवान श्रीरामचंद्र जी का तिलक, पूजन और माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्री रामलीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष सचिन अग्रवाल ने सभी अतिथियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया। समिति के सभी पदाधिकारियों ने भगवान के प्रसाद स्वरूप भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की।
इस अवसर पर धनसुख अग्रवाल, मनमोहन शर्मा, अरविंद शाक्य, राहुल वार्ष्णेय, विजय गोपाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com