11:50 pm Wednesday , 14 October 2026
BREAKING NEWS

जनगणना 2027: बदायूँ में फील्ड ट्रेनर्स के तीनों बैचों का प्रशिक्षण सम्पन्न, एडीएम एफआर ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश

16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना, 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर जाकर होगी जनसंख्या की गणना

बेघर व्यक्तियों की भी होगी गणना, कोई भी आमजन न छूटे—प्रत्येक व्यक्ति को गणना में सम्मिलित करने पर जोर

बदायूँ, 14 अक्टूबर 2026। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद बदायूँ में नामित फील्ड ट्रेनर्स के सभी तीन बैचों का प्रशिक्षण आज सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने फील्ड ट्रेनर्स को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देते हुए जनगणना कार्य को सुचारु, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराने पर विशेष जोर दिया।

एडीएम एफआर ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य की सफलता में फील्ड ट्रेनर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देशित किया कि चार्ज स्तर पर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का गुणवत्तापूर्ण, व्यवस्थित एवं प्रभावी प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की कार्यप्रणाली, निर्धारित प्रश्नों, तकनीकी प्रक्रियाओं तथा कार्मिकों के दायित्वों की स्पष्ट एवं व्यावहारिक जानकारी दी जाए, ताकि फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले सभी कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी दक्षता, गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कर सकें।

उन्होंने फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं अनुभव का प्रभावी उपयोग करते हुए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही निर्देश दिए कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता और जनगणना संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे जनगणना कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न्यूनतम रहे तथा निर्धारित समयावधि में कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना की प्रक्रिया

जनपद बदायूँ में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) का कार्य 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस अवधि में आमजन निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से स्वयं अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना के माध्यम से आमजनों को जनगणना प्रक्रिया में सीधे सहभागिता करने का अवसर मिलेगा।

इसके उपरांत 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परिवारों से जनगणना संबंधी जानकारी प्राप्त कर आवश्यक विवरण संकलित करेंगे। फील्ड स्तर पर कार्य की शुद्धता एवं पूर्णता सुनिश्चित करने के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

बेघर व्यक्तियों की भी होगी गणना, कोई भी आमजन न छूटे

जनगणना कार्य के अंतर्गत बेघर व्यक्तियों की गणना भी की जाएगी, ताकि जनपद में कोई भी पात्र व्यक्ति जनगणना प्रक्रिया से वंचित न रहे। जनगणना का प्रमुख उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गणना में सम्मिलित करते हुए जनसंख्या संबंधी समग्र एवं सटीक आँकड़े संकलित करना है। इसके लिए फील्ड स्तर पर तैनात कार्मिकों को विशेष सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा।

जनपद में जनगणना कार्य की सफलता के लिए प्रशिक्षण प्राप्त फील्ड ट्रेनर्स द्वारा चार्ज स्तर पर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके माध्यम से फील्ड कार्मिकों को उनके दायित्वों, कार्यप्रणाली एवं आवश्यक प्रक्रियाओं से भली-भाँति परिचित कराया जाएगा, जिससे स्व-गणना से लेकर घर-घर जनसंख्या की गणना तक सभी गतिविधियाँ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जा सकें।

जिला प्रशासन की ओर से समस्त आमजनों से अपील की जाती है कि वे स्व-गणना की अवधि में सक्रिय सहभागिता करें तथा फील्ड कार्य के दौरान प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग प्रदान करें। जनगणना 2027 में प्रत्येक आमजन की सहभागिता और प्रत्येक व्यक्ति की गणना सुनिश्चित करना सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि कोई भी व्यक्ति गणना से न छूटे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.