11:50 pm Wednesday , 14 October 2026
BREAKING NEWS

प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है, अखिलेश यादव कर रहे नेतृत्व: आदित्य यादव

प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है, अखिलेश यादव कर रहे नेतृत्व: आदित्य यादव
रायपुर मजरा में पीडीए महापंचायत में सांसद ने भाजपा पर साधा निशाना
रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दे उठाए
बिल्सी। बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के गांव रायपुर मजरा में बुधवार को समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव उदयवीर सिंह शाक्य के कृषि फार्म पर पीडीए महापंचायत आयोजित की गई। इसमें मुख्य अतिथि रहे सांसद आदित्य यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस बदलाव का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों से जुड़े मुद्दे उठाए।
सांसद ने कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले आंदोलनकारियों और पत्रकारों को जेल भेजे जाने की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। भाजपा ने युवाओं को दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन आज भी युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं से युवाओं के भविष्य पर संकट पैदा हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय कैंसर सर्जन एवं सपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नवल किशोर शाक्य ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों, दवाओं और जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों में न जाना पड़े, इसकी जिम्मेदारी सरकार की है। आयोजक उदयवीर सिंह शाक्य ने सांसद आदित्य यादव और डॉ. नवल किशोर शाक्य को चांदी का मुकुट पहनाया। उन्होनें कहा 2017 में समाजवादी पार्टी से टिकट हुआ फिर कुछ परिस्थितियों के कारण टिकट कट गया। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी का 25 साल पुराना सिपाही हूं मुझे इस बार बहुत उम्मीद है।
इस मौके पर सहसवान के विधायक ब्रजेश यादव, जिलाध्यक्ष आशीष यादव, पूर्व एमएलए प्रेमपाल सिंह यादव, डॉ. शकील अहमद, किशोरीलाल शाक्य, प्रदीप गुप्ता, देवेंद्र गौतम, डोरीलाल बघेल, मुनेेंद्र यादव, संतोष कुमारी कश्यप, कविंद्र सक्सेना, सुरेंद्र पाल सिंह, सुनील यादव, मोर सिंह कश्यप, रामसिंह कश्यप, दीपक शर्मा, अतुल शर्मा, निरोत्तम सिंह, शिवशंकर गुप्ता, महेंद्र प्रताप सिंह, अखिलेश यादव और रामखिलाड़ी सहित हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.