बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या छह स्थित रामलीला मैदान में चल रहे रामलीला मेले में मंगलवार रात भगवान श्रीराम के जन्म की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के जन्म का प्रसंग देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे। लीला के मंचन से रामलीला मैदान में भक्तिमय वातावरण बना रहा। कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जन्म से जुड़े प्रसंगों को मंच पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीराम का जन्म अधर्म का नाश करने और धर्म की स्थापना के लिए हुआ था। लीला के माध्यम से दर्शकों को मर्यादा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश भी मिला। मंचन के दौरान श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ लीला देखते रहे। आयोजन की प्रथम आरती में नगर के प्रमुख गल्ला व्यापारी मनोज कुमार जैन और रजनीश शर्मा ने सपरिवार मुख्य यजमान के रूप में पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ कमाया। इस मौके पर मेला कमेटी के संजीव वार्ष्णेय विक्की, डॉ. श्रीकृष्ण गुप्ता, आदित्य महेश्वरी, सूर्यप्रकाश देवल, मनीष असावा, विवेक राठी, सुरेश जैन, अंशुल जैन, आशीष जैन, कृतज्ञ शर्मा, टीटू जैन, विनोद जैन, आदि मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com