मुजरिया में महिला की मौत के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल कार बरामद
केशव गुप्ता
बदायूं। मुजरिया थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्हाई में परचून की दुकान पर हुए विवाद के दौरान महिला की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हुंडई आई-10 कार भी बरामद की है। सभी आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे कोल्हाई निवासी राजेंद्र पाल अपनी परचून की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान सामान लेने पहुंचे कुछ युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो मारपीट में बदल गई। शोर सुनकर राजेंद्र की मां लज्जावती (करीब 50 वर्ष) सहित अन्य लोग बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान कार से जाते समय लज्जावती वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें सीएचसी सहसवान ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामले में दर्ज मुकदमे के तहत पुलिस ने अंकित, सतेन्द्र सिंह, अनुज और जतिन उर्फ दिन्ना को 14 अक्टूबर को खितौरा से रफीनगर तिराहे जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर थानाध्यक्ष नीरज कुमार और उनकी टीम ने की।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com