बिसौली। विद्युत विभाग द्वारा बिजली चोरी रोकने और बकाया बिलों की वसूली को लेकर विशेष ‘मॉर्निंग रेड’ अभियान चलाया गया। अभियान से कटियाबाजों और बकायादारों में हड़कंप मच गया। तड़के हुई इस अचानक कार्रवाई के दौरान टीम ने 22 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज कराई, जबकि लंबे समय से बिल जमा न करने वाले 75 उपभोक्ताओं के कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए। अभियान के दौरान विभागीय टीम की सख्ती को देखते हुए कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपने बकाया बिलों का भुगतान किया, जिससे विभाग को 8 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।
उप खण्ड अधिकारी विकास राजपूत के नेतृत्व में अचानक हुई इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों को कटिया हटाने तक का मौका नहीं मिला। जांच के दौरान कई स्थानों पर सीधे एलटी लाइन से कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल पाया गया, जिसके बाद 22 लोगों के खिलाफ धारा 135 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। सघन जांच के दौरान अधिकारियों ने उन उपभोक्ताओं की सूची भी खंगाली, जिन पर लंबे समय से भारी बिल बकाया था। चेतावनी के बावजूद बकाया न चुकाने वाले 75 उपभोक्ताओं के कनेक्शन तुरंत प्रभाव से काट दिए गए। एसडीओ विकास राजपूत ने बताया कि “बिजली चोरी और बकायेदारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह ‘मॉर्निंग रेड’ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जिन उपभोक्ताओं के बिल बकाया हैं, वे समय पर भुगतान कर कानूनी कार्रवाई और कनेक्शन कटने से बचें।” इस दौरान जेई दिनेश कुमार, जेई शेर अली, संजीव कुमार, बजरंगी लाल, त्रिलोकी सिंह, उमेश यादव, हरिओम, विकास, रवि, अनिल, गौरव आदि उपस्थित रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com