01 नवंबर को लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर
बैठक कर विभागों को सौंपे दायित्व
बदायूँ: 14 अक्टूबर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बदायूँ के आदेशों के अनुपालन में आगामी 01 नवंबर 2026 को मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा।
बुधवार को जनपद न्यायालय परिसर स्थित नवीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में न्यायिक शिविर समिति की अध्यक्ष सुश्री रिंकू, प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बदायूँ की अध्यक्षता में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती गामिनी सिंगला व अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मेगा शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही जनपद मुख्यालय एवं तहसील स्तर पर साप्ताहिक बृहद शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जरूरतमंद लोगों तक विधिक सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/त्वरित न्यायाधीश/प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बदायूँ ने बताया कि शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी प्रशासनिक विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि आमजन को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
शिविर के संबंध में आमजन को जागरूक करने के लिए पम्पलेट, पोस्टर, बैनर सहित विभिन्न प्रचार सामग्रियों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वह 01 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में पहुंचकर पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं एवं विधिक सहायता का लाभ प्राप्त करें।
बैठक में समिति के सदस्य श्री राजवीर सिंह, विशेष न्यायाधीश, एससी/एसटी (पीए) एक्ट; श्री ऋषि कुमार, षष्ठम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश, गैंगस्टर एक्ट; श्री अंकित रस्तोगी, अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/त्वरित न्यायाधीश/प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण; तथा श्री सागर तायल, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम सहित जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com