
बिल्सी, बदायूं 14 अक्टूबर ।
नगर के मोहल्ला नंबर-5 में मंगलवार शाम आवारा सांडों ने घर के बाहर बंधी गर्भवती घोड़ी पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घोड़ी का पेट फट गया और गर्भ में पल रहे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल घोड़ी ने बुधवार सुबह करीब 10 बजे दम तोड़ दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
मोहल्ला निवासी राजा के मुताबिक मंगलवार शाम उनकी घोड़ी घर के बाहर बंधी थी। इसी दौरान 3 से 4 आवारा सांड वहां आ गए और घोड़ी पर ताबड़तोड़ सींगों से हमला कर दिया। सांडों ने कई बार सींग मारे, जिससे घोड़ी का पेट फट गया।
स्थानीय निवासी निजाकत ने बताया कि घोड़ी के हिनहिनाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और बड़ी मुश्किल से सांडों को वहां से भगाया। हमले में घोड़ी के गर्भ में पल रहा बच्चा पेट फटने से बाहर आ गया था, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि यह घोड़ी का पहला बच्चा था।
सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्सक वरुण शर्मा ने घोड़ी का मौके पर इलाज किया, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। बुधवार सुबह करीब 10 बजे उसने भी दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि घोड़ी की कीमत करीब 2 लाख रुपये थी और वह शादी-विवाह में दूल्हे को बैठाकर बारात में ले जाने के काम आती थी। घोड़ी की मौत से परिवार को भारी नुकसान हुआ है। घटना के बाद से क्षेत्र में आवारा सांडों के आतंक को लेकर लोगों में आक्रोश है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com