उझानी -खेत पर काम कर रहे युवक पर फावड़े से जानलेवा हमला, तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज।
उझानी, बदायूं 14 अक्टूबर ।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम वरसुआ में खेत पर काम कर रहे युवक पर गांव के ही तीन लोगों ने फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित रतनगिरी पुत्र मिठाईगिरी निवासी ग्राम वरसुआ ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 5 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे ग्राम वरामयखेड़ा निवासी अजय पुत्र कुँवरपाल, लतेश पुत्र कुँवरपाल और कुँवरपाल पुत्र हेता सिंह ने गांव में ही उनके खेत पर उनके बेटे कौशल गिरी पर जान से मारने की नीयत से हमला किया था। जिसकी उन्होंने ऑनलाइन शिकायत संख्या दर्ज कराई थी।
आरोप है कि 6 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे उनका बेटा कौशल गिरी खेत पर लेबर से काम करा रहा था, तभी उक्त तीनों आरोपियों ने एकराय होकर उस पर फावड़े से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद आस-पड़ोस के खेत वालों और राहगीरों ने बड़ी मुश्किल से उसके बेटे की जान बचाई। हमले में बेटे के सिर व शरीर पर खुली और गुम चोटें आई हैं।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शिव कुमार मलिक को सौंपी गई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com