1:14 pm Wednesday , 14 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी की ऐतिहासिक रामलीला में राम जन्मोत्सव की धूम, बाल लीलाओं ने मोहा मन; यजमान आलोक अग्रवाल ने की आरती

उझानी की ऐतिहासिक रामलीला में राम जन्मोत्सव की धूम, बाल लीलाओं ने मोहा मन; यजमान आलोक अग्रवाल ने की आरती।

उझानी, बदायूं। 14 अक्टूबर।

उझानी की ऐतिहासिक रामलीला में कल रात राम जन्मोत्सव की धूम रही। वृंदावन से पधारी हरिमुकेश रासलीला मंडली ने राम जन्म से लेकर बाल लीलाओं का ऐसा दिव्य मंचन किया कि पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।

महाराज मुकेश शास्त्री जी ने जैसे ही मधुर वाणी में चौपाई का पाठ किया –

“नौमी तिथि मधु मास पुनीता, सुकल पच्छ अभिजित हरि प्रीता।
जोग लगन ग्रह बार तिथि, सकल भए अनुकूल।
चर अरु अचर हर्षजुत, राम जनम सुखमूल।।

वैसे ही पंडाल में बैठे श्रद्धालु हाथ जोड़कर खड़े हो गए। मंच पर दिखाया गया कि मध्य दिवस में जब भगवान विष्णु ने कौशल्या के गर्भ से राम के रूप में अवतार लिया तो अयोध्या में बधाइयाँ बजने लगीं।

राम जन्म के बाद बाल लीलाओं के मंचन ने सबका मन मोह लिया। मैया कौशल्या की गोद में घुटनों के बल चलते, मिट्टी खाकर मुख में पूरे ब्रह्मांड का दर्शन कराते और राजमहल में भाइयों के साथ किलकारी मारते बाल राम के स्वरूप को देख श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

कथा को आगे बढ़ाते हुए शास्त्री जी ने भावपूर्ण चौपाई सुनाई –
“बाल रूप सोहति रामू, सबहिं सुलभ सबहिं सुखधामू।”

कार्यक्रम के मुख्य यजमान समाजसेवी आलोक कुमार अग्रवाल ने सपत्नीक भगवान के स्वरूप बने बाल कलाकारों की विधिवत आरती कर आशीर्वाद लिया।


आरती के पश्चात रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सचिन अग्रवाल, रतन कुमार जिंदल, धनसुख अग्रवाल, अरविंद शाक्य, मनमोहन शर्मा आदि ने मुख्य यजमान का भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर भव्य स्वागत किया। देर रात तक चले मंचन को देखने के लिए नगर के सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.