महिला के कानों से कुंडल नोचने का आरोप, सभी घायलों को जिला अस्पताल में कराया भर्ती
कुंवर गांव संवाददाता। थाना क्षेत्र के खासपुर गांव में मंगलवार सुबह दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने से एक पक्ष के महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजकर मामले की जानकारी जुटाई।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी जाहिद अली पुत्र तालिब अली का दूसरे पक्ष के आफदीन और भूरे से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना में जाहिद अली, उनकी पत्नी मुकीम बानो समेत तीन लोग घायल हो गए। आरोप है कि मारपीट के दौरान महिला के कानों से कुंडल भी नोच लिए गए।
बताया गया कि इससे एक दिन पहले दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच विवाद हुआ था। सोमवार को थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था, लेकिन अगले ही दिन मंगलवार सुबह गांव में फिर विवाद हो गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि एक दिन पहले दो पक्षों की महिलाओं के बीच विवाद हुआ था, जिसका समझौता हो गया था। मंगलवार को एक पक्ष का तीसरे पक्ष के साथ झगड़ा हुआ है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com