8:20 pm Tuesday , 13 October 2026
BREAKING NEWS

मिशन शक्ति 6.0: कक्षा 8 की छात्रा रोशनी बनी एक दिन की थानाध्यक्ष, सुनीं जनशिकायतें

मिशन शक्ति 6.0: कक्षा 8 की छात्रा रोशनी बनी एक दिन की थानाध्यक्ष, सुनीं जनशिकायतें

केशव गुप्ता

फैजगंज बेहटा। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत बदायूं पुलिस ने बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की अनूठी पहल की। मंगलवार को उच्च प्राथमिक कन्या विद्यालय, फैजगंज बेहटा की कक्षा आठ की छात्रा रोशनी कुमारी को एक दिन के लिए सांकेतिक थानाध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान रोशनी ने थाने की कार्यप्रणाली को समझने के साथ जनशिकायतों की सुनवाई भी की।
रोशनी कुमारी, पुत्री सत्यपाल सिंह, निवासी वार्ड नंबर 11, फैजगंज बेहटा ने थानाध्यक्ष की भूमिका निभाते हुए दैनिक पुलिस कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने जनशिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही थाना परिसर, महिला हेल्प डेस्क, थाना कार्यालय और मिशन शक्ति केंद्र का भ्रमण कर पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, थाने में दर्ज मामलों की सुनवाई और उनके निस्तारण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। थाना क्षेत्र में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में जनसहभागिता की भूमिका पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार, मिशन शक्ति टीम, विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. नीरज शर्मा सहित शिक्षकगण मौजूद रहे।
आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है उद्देश्य
मिशन शक्ति फेज-6.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाना तथा उनमें आत्मविश्वास पैदा करना है। इस तरह के कार्यक्रमों से छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव मिलता है और वे अपने अधिकारों व सुरक्षा के प्रति जागरूक बनती हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.