बिसौली। विधानसभा क्षेत्र के गांव हत्सा में बीते दिन हुए भीषण सड़क हादसे में जान गवाने वाले तीनों युवाओं के शव जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंचे को कोहराम मच गया। परिजनों की चीख पुकार से पूरा मोहल्ला गमगीन हो गया। जवान बेटों की आर्थियों को एक साथ उठता देख मां-बाप और सगे संबंधी भी बेसुध हो गए। जब अंतिम यात्रा गुजरी तो हर किसी का कलेजा फट पड़ा। सांत्वना देने पहुंचे लोगों के गले भी रुंध गए। घटना की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश कोऑर्डिनेटर सतीश प्रेमी पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में समाजवादी पार्टी और वे स्वयं पूरी तरह से परिजनों के साथ खड़े हैं। उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर मिलने वाली हरसंभव मदद दिलाने का भी भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की इस तरह असमय विदाई समाज और परिवार के लिए एक अपूर्णीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। गौरतलब है कि इस हादसे के बाद से पूरे गांव में चूल्हे तक नहीं जले हैं। जवान बेटों की अर्थियां एक साथ उठने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com