बिसौली। इनरव्हील क्लब के तत्वावधान में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर डांडिया एवं देवी भजन उत्सव का भव्य आयोजन अत्यंत धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्लब की महिला सदस्यों ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर मां दुर्गा की भक्ति और डांडिया नृत्य के संगम से पूरे माहौल को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया।
समारोह की शुरुआत मां दुर्गा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद क्लब की सदस्यों ने एक से बढ़कर एक सुमधुर देवी भजनों की प्रस्तुतियां दीं। मैया यशोदा…और सजा है तेरा द्वार भवानी..जैसे भक्तिगीतों पर पूरा प्रांगण मां के जयकारों से गूंज उठा। भजन संध्या के उपरांत रंग-बिरंगी ‘चनिया-चोली’ और पारंपरिक गुजराती वेशभूषा में सजी महिलाओं ने डांडिया और गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान क्लब की अध्यक्षा भारती अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से हमारी सनातन संस्कृति और परंपराएं जीवंत रहती हैं। सचिव सुविधा माहेश्वरी ने कहा कि इनरव्हील क्लब महिलाओं को एक साथ आकर खुशियां बांटने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करता है। इस अवसर पर इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष भारती अग्रवाल, सचिव डॉ. सुविधा माहेश्वरी, अर्चना वार्ष्णेय, प्रतिभा अग्रवाल, नीरु, दिव्या, नमिता गर्ग, संयोगिता गर्ग, रितु, लता अग्रवाल, ममता अग्रवाल, अनुपम गुप्ता, अनुपम शर्मा, मधु शर्मा आदि प्रमुखता से मौजूद रही।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com