उझानी में लटकते तार दे रहे मौत को दावत: महाराजा अग्रसेन मार्ग पर तार टूटने से मेडिकल स्टोर पर मची अफरातफरी।
निकला रामलीला का तार, पर असली खतरा बिजली के लटकते तारों से।
उझानी (बदायूं) 13 अक्टूबर ।
उझानी के सबसे व्यस्त महाराजा अग्रसेन मार्ग ( स्टेशन रोड )पर आज उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब बिजली के खंभे से एक तार टूटकर सीधे सड़क पर आ गिरा। उस समय अशोक मेडिकल और पॉपुलर मेडिकल स्टोर,पूजा मेडिकल पर दवा ले रहे लोगों में भगदड़ मच गई। लोग इसे हाई वोल्टेज बिजली का तार समझकर जान बचाकर भागे।
बाद में पास जाकर देखने पर पता चला कि यह बिजली का नहीं, बल्कि रामलीला के लाउडस्पीकर का तार था, तब जाकर लोगों ने चैन की सांस ली। लेकिन इस घटना ने उझानी में लटकते तारों के बड़े खतरे की पोल खोल दी है।
बताते चलें कि महाराजा अग्रसेन मार्ग पर कोतवाली के गेट के ठीक आगे बिजली के तार बहुत नीचे लटक रहे हैं। वहां से दिन-रात ओवरलोड ट्रक और वाहन गुजरते हैं, कभी भी तार टूटकर बड़ा हादसा हो सकता है।
यही हाल कोतवाली से पुरानी अनाज मंडी जाने वाले मार्ग का है। सड़क क्रॉस करते बिजली के तार इतने नीचे हैं कि रेलवे की लोडिंग-अनलोडिंग वाले ट्रक व ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब निकलती हैं तो तारों में फंस जाती हैं। कई बार दुकानदारों की दुकानों के कनेक्शन वाले तार टूटकर गिर भी चुके हैं।
आस-पास के दुकानदारों का कहना है कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग को शिकायत करके तार ऊपर कराने की मांग की गई है, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। विभाग कुंभकर्णी नींद में सोया है और किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि महाराजा अग्रसेन मार्ग और कोतवाली से मंडी मार्ग के लटकते तारों को तुरंत कसकर ऊपर कराया जाए, वरना कभी भी कोई बड़ी जनहानि हो सकती है।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com