5:40 pm Tuesday , 13 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी रामलीला में गूंजी किलकारियां: वृंदावन की हरिमुकेश रासलीला मंडली ने किया राम जन्म का दिव्य मंचन

उझानी (बदायूं)13 अक्टूबर ।

उझानी की ऐतिहासिक रामलीला के मंच पर आज भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। वृंदावन से पधारी प्रसिद्ध हरिमुकेश रासलीला मंडली के कलाकारों ने राम जन्म की लीला का इतना जीवंत मंचन किया कि पूरा पंडाल “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा।

कथा के अनुसार राजा दशरथ के महल में लंबे अंतराल के बाद जब चारों राजकुमारों की किलकारियां गूंजी तो पूरे अवध में हर्ष का माहौल छा गया। महाराज दशरथ और रानियों की खुशी देखते ही बन रही थी। कलाकारों ने इस दृश्य को इतनी भावपूर्णता से निभाया कि दर्शक भावविभोर हो गए।

राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के जन्म की पावन कथा का महाराज मुकेश शास्त्री जी ने चौपाइयों के माध्यम से कर्णप्रिय वाचन किया। उनके मुख से “भए प्रगट कृपाला दीनदयाला…” चौपाई सुनते ही श्रद्धालु झूम उठे।

कल के कार्यक्रम के मुख्य यजमान मुन्ना लाल चौधरी वारदाने वाले रहे। उन्हें भगवान का स्वरूप बने बाल कलाकारों की आरती करने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस दौरान उनके चेहरे पर अपार श्रद्धा और खुशी साफ झलक रही थी।

आरती के पश्चात रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सचिन अग्रवाल, रतनकुमार जिंदल, धनसुख अग्रवाल,अरविंद शाक्य, मनमोहन शर्मा आदि पदाधिकारियों ने मुख्य यजमान मुन्ना लाल का भगवान राम की प्रतिमा भेंट कर और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।

रामलीला मंचन देर रात तक चला और बड़ी संख्या में नगर के श्रद्धालु मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.