APM PG कॉलेज बना गाली-गलौज का अड्डा: शिक्षा के मंदिर में चीफ प्रॉक्टर को सरेआम भद्दी गालियां लिखे पोस्टर।
10 दिन में तीसरी बार पोस्टर वार, काॅलेज प्रशासन मौन, CCTV फेल।
उझानी (बदायूं) 13 अक्टूबर ।
उझानी का प्रतिष्ठित एपीएम पीजी कॉलेज इन दिनों शिक्षा नहीं, बल्कि गाली-गलौज और पोस्टर वार के लिए चर्चा में है। कॉलेज के नवनियुक्त चीफ प्रॉक्टर जितेन्द्र राणा को निशाना बनाकर 8-10 दिन के अंदर तीसरी बार मेन गेट और वाटर कूलर पर अश्लील व अभद्र भाषा के पोस्टर चिपका दिए गए। हद तो तब हो गई जब आज सुबह भी गेट के दोनों पिलरों और अंदर पानी की टंकी के पास वही गंदे पोस्टर लटके मिले।
एक जागरूक छात्र ने शर्मनाक पोस्टरों की फोटो खींचकर मीडिया को भेजी, तब जाकर मामला सामने आया।
कॉलेज के मेन गेट से रोज सैकड़ों छात्र-छात्राएं गुजरती हैं। गेट पर ही भद्दी गालियां लिखे पोस्टर चिपके हैं, जिसे पढ़ने को छात्राएं मजबूर हैं। शिक्षा के मंदिर में इस तरह की घिनौनी हरकत ने कॉलेज की साख पर बट्टा लगा दिया है।
सूत्रों की मानें तो कुछ दिन पहले ही पुराने चीफ प्रॉक्टर को हटाकर नया चीफ प्रॉक्टर बनाया गया है। उसके बाद से ही लगातार पोस्टर वार शुरू हो गया है। इससे साफ है कि यह किसी बाहरी का नहीं, बल्कि कॉलेज के ही किसी शरारती और असंतुष्ट गुट का काम है, जो नए प्रॉक्टर को बदनाम करने पर तुला है।
सबसे बड़ा सवाल – क्या कॉलेज में लगे CCTV सिर्फ शो-पीस हैं ? अगर कैमरे चालू होते तो अब तक आरोपी की फोटो सामने आ जाती। लेकिन 10 दिन में तीसरी घटना के बाद भी प्रशासन आरोपी को नहीं पकड़ पाया।
जब इस पर प्राचार्य प्रशांत वशिष्ठ से बात की गई तो उन्होंने माना कि कॉलेज में निर्माण कार्य चल रहा है, कुछ CCTV के तार टूटने से बाधित हैं। कुछ चालू हैं। आज ही ठीक कराने का आदेश दिया है, जल्द शरारती तत्व पकड़ में आएगा।
सवाल यह है कि 10 दिन से तार टूटे हैं और प्रशासन सो रहा था? क्या किसी बड़ी घटना का इंतजार है ?
छात्रों में इस पोस्टर वार को लेकर भारी आक्रोश है। छात्र मांग कर रहे हैं कि तुरंत CCTV फुटेज निकलवाई जाए, आरोपी को चिन्हित कर कॉलेज से रेस्टिकेट कर पुलिस के हवाले किया जाए, वरना छात्र उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com