उझानी में त्योहार से पहले चीनी 64 रुपये किलो पहुंची, गुड़-बूरा भी 10 रुपये महंगा।
उझानी, बदायूं 13 अक्टूबर ।
त्योहारों के बीच उझानी के बाजार में चीनी, गुड़ और बूरा महंगा हो गया है। बाजार में चीनी की किल्लत ने मिठास कड़वी कर दी है।
पांच अक्टूबर से मिलों से आपूर्ति प्रभावित होने के कारण फुटकर बाजार में चीनी के दाम 48 रुपये से बढ़कर 64 रुपये प्रति किलो पहुंच गए हैं। जबकि गुड़ और बूरा की कीमतों में भी दस रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अब गुड़ 65 से 70 रुपये और बूरा 70 से 75 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
कीमतें बढ़ने से नवरात्र से दिवाली तक मिठाइयां और पकवान बनाने का खर्च बढ़ गया है।
उझानी के चीनी डीलर के मुताबिक, 5 अक्टूबर से मिलों की ओर से चीनी की आपूर्ति नहीं हो रही है। मिलों से न तो बिक्री के लिए चीनी मिल रही है और न ही कीमतों की जानकारी दी जा रही है। थोक विक्रेताओं को व्हाट्सएप के माध्यम से ही सूचना दी जा रही है।
व्यापारियों के मुताबिक, थोक बाजार में चीनी 50 किलो की बोरी 3000 से 3100 रुपये में मिल रही है। परिवहन, अन्य खर्च और मुनाफा जोड़ने के बाद फुटकर कीमत 64 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। पांच दिनों में चीनी के दाम 25 फीसदी तक बढ़े हैं।
शहर के विभिन्न बाजारों में चीनी 64 रुपये किलो बिक रही है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान चीनी की मांग सामान्य दिनों की तुलना में बढ़ जाती है। ऐसे समय में आपूर्ति बाधित होने से बाजार पर दबाव पड़ रहा है।
स्थानीय हलवाइयों ने बताया कि चीनी, गुड़, बूरा महंगा होने से मिठाइयों की लागत बढ़ गई है। दिवाली तक अगर आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो मिठाइयों के दाम और बढ़ सकते हैं।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com