योगी सरकार का बड़ा फैसला: 15 अक्टूबर से मिठाइयों पर लिखनी होगी ‘यूज बाय डेट’, उझानी के हलवाइयों में मचा हड़कंप।
उझानी बदायूं 13 अक्टूबर ।
दिवाली से ठीक पहले योगी सरकार ने आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश में 15 अक्टूबर से बिना एक्सपायरी डेट के मिठाई नहीं बेची जा सकेगी। चाहे पैक्ड मिठाई हो या दुकान पर खुली में सजी-धजी मिठाई, हर ट्रे पर ‘मैन्युफैक्चरिंग डेट और यूज बाय डेट’ लिखना अनिवार्य होगा।न
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की आयुक्त रोशन जैकब ने आदेश जारी किया है। इसके अनुसार –
पैक्ड मिठाइयों के साथ-साथ काउंटर पर प्रदर्शित और भंडारित खुली मिठाइयों पर भी ताजगी की तिथि लिखनी होगी।
दुकानदार को साफ-साफ बताना होगा कि मिठाई कब बनी और कब तक खाने योग्य है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को मिठाइयों की ताजगी और गुणवत्ता से जुड़ी सही जानकारी देना है।
उझानी मिठाइयों का बड़ा बाजार है। स्टेशन रोड, बिल्सी रोड, कछला रोड ओर हलवाई चौक पर दर्जनों नामी मिठाई की दुकानें हैं। दिवाली पर यहां से भारी मात्रा में मिठाई बाहरी जिलों में जाती है। नए नियम से अब ग्राहक बासी मिठाई को तुरंत पहचान सकेंगे।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सरकार का फैसला स्वागत योग्य है, लेकिन त्योहार के सीजन में छोटे दुकानदारों को थोड़ी परेशानी होगी। वहीं ग्राहकों में खुशी है। उझानी निवासी ग्राहकों ने कहा कि अक्सर त्योहारों पर 2-3 दिन पुरानी काजू कतली, छैना मिठाई, बूंदी का लड्डू, सोनपापड़ी जैसी महंगी मिठाइयां थमा दी जाती हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग का खतरा रहता है। अब ‘यूज बाय डेट’ से धोखाधड़ी पर लगाम लगेगी।
खाद्य विभाग के सूत्रों के अनुसार 15 अक्टूबर के बाद चेकिंग अभियान चलेगा। नियम का पालन न करने वाले दुकानदारों पर FSSAI एक्ट के तहत जुर्माना और लाइसेंस निरस्तीकरण तक की कार्रवाई हो सकती है।
फिलहाल प्रशासन ने सभी मिठाई विक्रेताओं को अपनी दुकानों पर लेबल और ट्रे पर डेट लिखने की व्यवस्था पहले से करने के निर्देश दिए हैं।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com