12:02 pm Tuesday , 13 October 2026
BREAKING NEWS

कुंवर गांव – गंज गांव में युवक की मौत के बाद बिना सूचना अंतिम संस्कार, ससुर ने लगाए गंभीर आरोप

गंज गांव में युवक की मौत के बाद बिना सूचना अंतिम संस्कार, ससुर ने लगाए गंभीर आरोप

भाभी से विवाद के बाद थाने पहुंचा था मामला, पुलिस ने घटनास्थल और श्मशान भूमि का किया निरीक्षण

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवर गांव। थाना क्षेत्र के गंज गांव में पारिवारिक विवाद के बीच युवक की मौत का मामला सामने आया है। सोमवार तड़के गांव के बाहर भट्टे के पास पेड़ से युवक का शव फंदे पर लटका मिला। आरोप है कि परिजनों ने पुलिस और मृतक के ससुराल पक्ष को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के ससुर ने थाने में तहरीर देकर परिवार के कुछ सदस्यों पर युवक को परेशान करने का आरोप लगाया है। वहीं, मृतक के भाई ने भी अलग आरोप लगाए हैं। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।

गंज गांव निवासी सुनील पुत्र रामप्रसाद की शादी 12 जुलाई 2026 को बिनावर थाना क्षेत्र के गांव भूरीपुर कुसैना निवासी मोहर सिंह की बेटी राजेश्वरी से हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले सुनील का अपनी भाभी ऊषा से विवाद हुआ था। बताया जाता है कि ऊषा ने रविवार को थाने में तहरीर दी थी, जिसके बाद पुलिस युवक की तलाश में गांव पहुंची थी।

ससुर ने भाभी और परिवार के अन्य सदस्यों पर लगाए आरोप

सोमवार को थाने पहुंचे मृतक के ससुर मोहर सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया कि बेटी की शादी में दिए गए दहेज से सुनील संतुष्ट था, लेकिन उसके माता-पिता और भाभी खुश नहीं थे। इसको लेकर घर में आए दिन विवाद होता रहता था। उन्होंने सुनील की भाभी ऊषा पर उसे परेशान करने का आरोप लगाया। मोहर सिंह के अनुसार, वह सात अक्टूबर को अपनी बेटी राजेश्वरी को मायके ले आए थे और वह तभी से वहीं रह रही थी।

मोहर सिंह ने आरोप लगाया कि पारिवारिक परेशानियों के चलते सुनील ने सोमवार तड़के करीब तीन बजे गांव के बाहर भट्टे के पास पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। उन्होंने यह भी कहा कि सुनील के परिजनों ने उन्हें सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। उन्होंने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

मृतक के भाई ने बताई अलग कहानी

मृतक के भाई इतवारी ने बताया कि वह गोरखपुर में रहकर मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे गांव में रहते हैं। उनके मुताबिक, रविवार को सुनील ने शराब के नशे में अपनी पत्नी ऊषा और बेटे के साथ मारपीट की थी। उन्होंने बताया कि बेटे की गर्दन पर निशान भी हैं। इसके बाद ऊषा थाने में तहरीर देने गई थी और पुलिस गांव पहुंची थी।

पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने गांव पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस ने भट्टे के पास घटनास्थल और श्मशान भूमि का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक के परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.