बाराबंकी, उत्तर प्रदेश। बाराबंकी में एक युवक के कथित अपहरण, मारपीट और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पीड़ित पक्ष ने कई युवकों पर मारपीट, रुपये छीनने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
गांव से बुलाकर सतरिख क्षेत्र में ले जाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, रमन उर्फ आर्यन को गांव से बुलाकर सतरिख क्षेत्र में ले जाया गया, जहां 4 से 5 युवकों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने उससे 1,200 रुपये भी छीन लिए और जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने का भी आरोप है।
पुलिस पर शिकायत दर्ज न करने का आरोप
पीड़ित की मां आरती का आरोप है कि कोतवाली नगर पुलिस से शिकायत करने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
फिलहाल, पीड़ित परिवार को पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है। मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com