राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूँ में दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्त्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय में संचालित कतिपय विषयों में वर्तमान सत्र में प्राध्यापक न होने के कारण अन्य महाविद्यालय से प्राध्यापक आमंत्रित कर छात्राओं के शैक्षणिक प्रबोधन एवं मार्गदर्शन की व्यवस्था की गयी। इस गतिविधि के अंतर्गत राजनीति विज्ञान एवं प्राणिविज्ञान विषयों की छात्राओं को विषय विशेषज्ञों द्वारा अध्ययन संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। राजकीय महाविद्यालय, आवास विकास, बदायूं से राजनीति विज्ञान के शिक्षाविद् डॉ. राकेश कुमार जायसवाल तथा प्राणिविज्ञान के शिक्षाविद् डॉ. गौरव कुमार ने विषय विशेषज्ञ के रूप में महाविद्यालय में उपस्थित होकर छात्राओं को संबंधित विषयों की महत्वपूर्ण अवधारणाओं से परिचित कराया तथा उनकी शैक्षणिक जिज्ञासाओं का समाधान किया। इन विशेष सत्रों का उद्देश्य संबंधित विषयों की छात्राओं की पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखना, उनकी शैक्षणिक समस्याओं का समाधान करना तथा उन्हें आगामी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. संध्या सक्सेना ने इस शैक्षणिक गतिविधि को प्रोत्साहित करते हुए छात्राओं के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने छात्राओं के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए इस प्रकार के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com