9:52 pm Monday , 12 October 2026
BREAKING NEWS

बदायूं: सपा सांसद रामजीलाल सुमन की कांग्रेस नेताओं को दो टूक, बोले- ‘अपनी औकात में रहें’

बदायूं। समाजवादी पार्टी के सांसद रामजीलाल सुमन ने सोमवार शाम सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर बयानबाजी करने वाले कांग्रेस नेताओं को दो टूक चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता अपनी औकात में रहें। गठबंधन होगा या नहीं और सीटों का बंटवारा किस फॉर्मूले पर होगा, इसका फैसला दोनों पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे। टीवी चैनलों पर बैठकर गठबंधन नहीं होते।

सोमवार शाम वरिष्ठ सपा नेता फखर अहमद शोबी के आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुमन ने सपा-कांग्रेस गठबंधन, बसपा और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अगली सरकार समाजवादी पार्टी की बनने जा रही है।

बसपा पर साधा निशाना

सपा सांसद ने बहुजन समाज पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कभी करीब 30 प्रतिशत वोट हासिल कर सरकार बनाने वाली बसपा आज लगभग 9 प्रतिशत वोट पर सिमट गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बसपा और उसकी नेता भाजपा के लिए काम कर रही हैं। सुमन के मुताबिक, दलित समाज अब समझने लगा है कि बसपा भाजपा के साथ मिली हुई है। उन्होंने बसपा की राजनीतिक भूमिका को पार्टी के कमजोर होने की एक वजह बताया।

ओवैसी के गठबंधन प्रस्ताव पर क्या बोले?

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के साथ गठबंधन की संभावनाओं पर सुमन ने कहा कि गठबंधन टीवी चैनलों पर बैठकर नहीं होते। ओवैसी प्रस्ताव भेजें, उसके बाद उस पर विचार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला राजनीतिक बातचीत और पार्टी नेतृत्व के स्तर पर ही होगा।

यूपी में सपा सरकार बनने का दावा

उत्तर प्रदेश की राजनीति पर अपनी बात रखते हुए रामजीलाल सुमन ने दावा किया कि प्रदेश में अगली सरकार समाजवादी पार्टी की बनने जा रही है। उनके बयान के बाद सपा-कांग्रेस गठबंधन और प्रदेश की आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज होने की संभावना है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.