उझानी (बदायूं) 12 अक्टूबर ।
नगर के बांके बिहारी कन्या महाविद्यालय में सोमवार को “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग” एवं साइबर सिक्योरिटी थीम पर भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता से ऐसा समां बांधा कि देखने वाले दंग रह गए।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मकता, सामाजिक जागरूकता, राष्ट्रीय भावना और पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाना रहा। खास बात यह रही कि रंगोली बनाने में केवल प्राकृतिक सामग्री जैसे फूल, प्राकृतिक रंग, अनाज और मिट्टी का ही इस्तेमाल किया गया। इसके जरिए छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण का भी बड़ा संदेश दिया।
छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से केंद्र व प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाएं, राष्ट्रीय प्रतीक, विकसित भारत 2047 का संकल्प और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों को बेहद खूबसूरती से दर्शाया। किसी रंगोली में स्वच्छता का संदेश था तो किसी में डिजिटल ठगी से बचाव का मंत्र।

प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सेवा, स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
इस मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नीरज कुमार रस्तोगी एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना की। प्राचार्य ने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्राओं के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें राष्ट्रप्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम का समापन छात्राओं को पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन के साथ किया गया। पूरा परिसर दिनभर उत्साह, रचनात्मकता और राष्ट्रभक्ति के रंगों में रंगा रहा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com