बिल्सी। नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को मां भगवती के ब्रह्मचारिणी स्वरूप का भव्य श्रृंगार पूजन किया गया। इस मौके पर नगर के मोहल्ला संख्या एक हनुमानगढ़ी स्थित देवी मंदिर, मोहल्ला संख्या पांच के दुर्गा मंदिर, शिव शक्ति भवन मंदिर, कुटी मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर, देववाणी मंदिर समेत प्रमुख देवी मंदिरों में भक्तों ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई। हनुमानगढ़ी मंदिर पर मां के दर्शन के लिये भक्तों की काफी भीड़ लगी रही। वहीं, सीताराम मोड़ के पास जर्जर सड़क और जलभराव के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को पानी भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे उन्हें काफी दिक्कतें हो रही हैं। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के बावजूद सड़क की बदहाली और जलभराव से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। श्रद्धालुओं ने संबंधित अधिकारियों से सड़क की मरम्मत कराने और जलभराव की समस्या दूर कराने की मांग की है, ताकि उन्हें मंदिर तक पहुंचने में परेशानी न हो।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com